Border 2 के लिए वरुण धवन ने झेली असली जंग, बताया आर्मी ट्रेनिंग का दर्दनाक अनुभव

Author Picture
Published On: 7 January 2026

28 साल पहले आई फिल्म बॉर्डर ने देशभक्ति की जो लहर उठाई थी, उसकी गूंज आज भी लोगों के दिलों में सुनाई देती है। अब वही जज्बा एक बार फिर बड़े पर्दे पर बॉर्डर 2 के साथ लौटने वाला है। इस फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान के 1971 युद्ध के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन इसे पेश करने का अंदाज पूरी तरह नए जमाने की है। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं और सनी देओल एक बार फिर आर्मी ऑफिसर की वर्दी में नजर आएंगे।

लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ सनी देओल की नहीं है। बॉर्डर 2 में एक ऐसा एक्टर भी है, जिसने अपने किरदार को निभाने के लिए असली दर्द सहा, जमीन पर लोटा, चोट खाई और 40 दिन तक असली सैनिकों के साथ रहा। हम बात कर रहे हैं वरुण धवन की जो स्क्रीन पर अपनी शानदार प्रेजेंस के लिए पहचाने जाते हैं।

फौजियों के साथ 40 दिन

वरुण धवन इस फिल्म में मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस से बातचीत के दौरान अपने शूटिंग अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह रोल उनकी अब तक की फिल्मों से बिल्कुल अलग था। न डांस, न ग्लैमर और न ही हीरो वाली एंट्री। यहां सिर्फ अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी थी।

वरुण ने बताया कि फिल्म की तैयारी के दौरान वे बबीना में 40 दिनों तक असली सैनिकों के साथ रहे। वहां उनका रहन-सहन, दिनचर्या और ट्रेनिंग बिल्कुल जवानों जैसी थी। सुबह जल्दी उठना, घंटों की ड्रिल, हथियारों के साथ अभ्यास और सीमित सुविधाओं में रहना ये सब उनके लिए नया लेकिन आंखें खोल देने वाला अनुभव था।

शूटिंग के दौरान लगी चोट

युद्ध सीन शूट करते वक्त वरुण धवन को टेल बोन में चोट लग गई। आम फिल्मों की तरह यहां कट बोलकर आराम करने का मौका नहीं था। मिट्टी, धूल और भारी एक्शन के बीच उन्हें शूटिंग जारी रखनी पड़ी। वरुण ने खुद माना कि यह शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद थकाने वाला दौर था, लेकिन इसी ने उन्हें अपने किरदार के और करीब ला दिया।

“नहीं किया एक्सपेरिमेंट”

जब एक फैन ने उनसे पूछा कि वे अपने किरदार में कितना खुद का इनपुट डालते हैं, तो वरुण का जवाब काफी सधा हुआ था। उन्होंने कहा कि आर्मी ऑफिसर का किरदार निभाते समय वे ज्यादा एक्सपेरिमेंट नहीं कर सकते थे। हमारे जवान जैसी जिंदगी हम आम लोग जी ही नहीं सकते। जो भी गाइडेंस आर्मी ऑफिसर्स से मिली, उन्होंने उसी को ईमानदारी से फॉलो किया। उनका कहना था कि यह रोल दिखावे का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का था। इसलिए उन्होंने कोशिश की कि स्क्रीन पर कोई भी हरकत नकली न लगे।

आलोचना पर दिया जवाब

वरुण धवन ने उन फैंस को भी जवाब दिया जो उनकी पिछली फिल्मों को लेकर सवाल उठाते रहते हैं। एक यूजर ने उन्हें सलाह दी कि वे हल्की-फुल्की फिल्मों से दूरी बनाएं। इस पर वरुण ने बिना नाराज हुए, हल्के मजाकिया अंदाज में जवाब दिया और कहा कि बॉर्डर 2 शायद लोगों को हैरान कर दे।

दमदार स्टारकास्ट

बॉर्डर 2 में सनी देओल के अलावा दिलजीत दोसांझ इंडियन एयरफोर्स ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों के रोल में नजर आएंगे। अहान शेट्टी एक नेवी ऑफिसर और वरुण धवन आर्मी मेजर के किरदार में दिखेंगे। फिल्म की शूटिंग झांसी, पुणे, देहरादून और अमृतसर जैसे शहरों में की गई है। फिल्म का टीजर और गाने पहले ही लोगों में उत्साह भर चुके हैं। अब दर्शकों को इंतजार है उस पल का, जब थिएटर में बैठकर फिर से देशभक्ति का जज्बा महसूस किया जाएगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp