इंदौर में 11 जनवरी को प्रस्तावित कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर शहर की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों और स्वास्थ्य संकट को लेकर कांग्रेस ने इस यात्रा की घोषणा की है। जैसे ही तारीख तय हुई, वैसे ही संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गईं। बुधवार से कांग्रेस कार्यालय में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है, जिसमें हर स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
न्याय यात्रा को व्यापक स्वरूप देने के लिए कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा संगठनों को सक्रिय किया गया है। एससी/एसटी, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विभाग की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों की अध्यक्षता प्रभारी उषा नायडू ने की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यात्रा केवल राजनीतिक प्रदर्शन न होकर पीड़ित नागरिकों की आवाज बने।
कांग्रेस की न्याय यात्रा
कांग्रेस की योजना के अनुसार 11 जनवरी को सुबह 10 बजे बड़ा गणपति चौराहा से राजबाड़ा तक पैदल न्याय यात्रा निकाली जाएगी। पार्टी ने इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में बैठकों की श्रृंखला शुरू कर दी है। ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को यात्रा से जोड़ना और प्रशासन तक अपनी बात मजबूती से पहुंचाना। न्याय यात्रा को धार देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी स्वयं सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे सांवेर और देपालपुर विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा देंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस से यात्रा की अनुमति के लिए आवेदन भी सौंपा जा चुका है, हालांकि अभी अंतिम स्वीकृति मिलना बाकी है।
बैठकों में तय हुआ यात्रा का स्वरूप
कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठकों में यात्रा के मार्ग, वाहनों की पार्किंग और अनुशासन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि यात्रा के दौरान पोस्टर-बैनर या भव्य स्वागत मंच नहीं लगाए जाएंगे। कार्यकर्ता घर-घर पंपलेट बांटेंगे, जिनमें दूषित पानी को लेकर तीखे सवाल होंगे। जहरीले पानी की जिम्मेदारी किसकी, पानी का टैक्स और बिल क्यों, जल योजना के करोड़ों रुपए कहां गए।
सतना के शासकीय महाविद्यालय में फैले बिस्तरकांड और भ्रष्टाचार के खिलाफ NSUI का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन जारी है! NSUI प्रदेश महासचिव श्री आनंद पांडे ने रक्त से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सरकार की मौन सहमति और मिलीभगत पर चुप्पी तोड़ने का आग्रह किया है. pic.twitter.com/IWe00uo4b1
— MP Congress (@INCMP) January 7, 2026
बैठक में विधानसभा प्रभारियों की घोषणा भी की गई। विधानसभा एक की जिम्मेदारी दीपू यादव, दो की राजू भदौरिया, तीन की पिंटू जोशी, चार की शैलेष गर्ग और पांच की अमन बजाज को सौंपी गई। इन्हें यात्रा में शामिल लोगों के लिए पानी, भोजन, पार्किंग और यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है।
वार्ड स्तर तक पहुंची तैयारी
कांग्रेस में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि शहर और विधानसभा प्रभारी स्वयं वार्ड स्तर पर बैठकें ले रहे हैं। प्रभारी रवि जोशी ने विधानसभा चार के वार्डों में बैठकों की शुरुआत कर दी है। नेताओं ने साफ कहा है कि न्याय यात्रा पूरी तरह सादगीपूर्ण होगी और इसका फोकस केवल जनसमस्याओं पर रहेगा, न कि शक्ति प्रदर्शन पर।
