MP में आंगनवाड़ी से जुड़ी महिलाओं के लिए एक बार फिर रोजगार का मौका सामने आया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 4767 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्तियां वर्ष 2025 की फेज-2 प्रक्रिया के अंतर्गत की जा रही हैं, जिसके लिए अलग-अलग जिलों की बाल विकास परियोजनाओं में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। पात्र महिलाएं एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी। इसके लिए ‘चयन पोर्टल’ का उपयोग किया जाएगा, जहां से अभ्यर्थी आवेदन फॉर्म भरकर अपनी पात्रता दर्ज करा सकेंगी। विभाग ने साफ किया है कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
MP में पदों पर अवसर
इस भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 जनवरी तय की गई है। ऐसे में इच्छुक महिलाओं के पास सीमित समय ही बचा है। विभाग की ओर से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम दिन की भीड़ से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। जारी सूचना के अनुसार, यह सभी नियुक्तियां अस्थायी प्रकृति की होंगी। चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को मानदेय के आधार पर कार्य करना होगा। साथ ही इन पदों को मानसेवी श्रेणी में रखा गया है, यानी यह स्थायी सरकारी नौकरी नहीं मानी जाएगी, लेकिन स्थानीय स्तर पर सेवा और अनुभव का अवसर जरूर मिलेगा।
छह महीने पहले भी हुई थी भर्ती
गौरतलब है कि विभाग ने करीब छह महीने पहले भी आंगनवाड़ी से जुड़े लगभग 19,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। अब दूसरे चरण में 4767 नए पदों को जोड़कर विभाग महिला सशक्तिकरण और बाल विकास योजनाओं को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस भर्ती से खासतौर पर ग्रामीण और शहरी गरीब वर्ग की महिलाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार के साथ-साथ समाज सेवा से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा, जिससे जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूती मिलेगी।
