,

इंदौर: फ्री मिठाई से इनकार बना खूनी विवाद, डेयरी संचालक पर चाकू से हमला; घटना CCTV में कैद

Author Picture
Published On: 10 January 2026

इंदौर शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। फ्री में मिठाई लेने पहुंचे बदमाशों ने मना करने पर डेयरी संचालक और उसके बेटों पर हमला कर दिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खतरनाक हिंसा में बदल गई। बदमाशों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि धारदार हथियार से गले पर वार कर जान लेने की कोशिश भी की।

यह वारदात शुक्रवार देर रात एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड पर स्थित श्रीकृष्णा डेयरी व स्वीट्स पर हुई। रात करीब 11 बजे दुकान बंद होने के समय तीन से चार युवक वहां पहुंचे। पहले मिठाई मांगी, फिर फ्री देने का दबाव बनाया। संचालक द्वारा इनकार करते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही पलों में हाथापाई पर उतर आए।

इंदौर में 3 घायल

हमले में डेयरी संचालक मोहन गुर्जर के गले पर धारदार हथियार से गंभीर चोट आई। उनके बेटे नितिन के सिर में गहरी चोट लगी, जबकि अंकित भी मारपीट में घायल हुआ। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गले पर वार बेहद खतरनाक था, थोड़ा भी इधर-उधर होता तो जान जा सकती थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश खुलेआम मारपीट करते नजर आ रहे हैं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमला पूरी तैयारी के साथ किया गया। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि बदमाश केवल डराने नहीं, बल्कि गंभीर नुकसान पहुंचाने के इरादे से आए थे।

पहले भी लेते रहे फ्री सामान

परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार फ्री में मिठाई और अन्य सामान लेने आ चुके थे। हर बार विवाद से बचने के लिए उन्हें दे दिया जाता था, लेकिन इस बार मना करने पर उन्होंने हमला कर दिया। रिश्तेदार गणेश गुर्जर के अनुसार आरोपी आए दिन व्यापारियों को परेशान करते हैं और विरोध करने पर धमकी देते हैं। परिजनों ने सूरज, राहुल और उनके साथियों के नाम सामने रखे हैं। बताया गया है कि इन पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। उनका कहना है कि बदमाश पहले भी दुकानों में तोड़फोड़ कर चुके हैं, लेकिन शिकायत करने पर बदले की आशंका बनी रहती है।

FIR दर्ज

एरोड्रम थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी तरुण भाटी के अनुसार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर व्यापारियों की सुरक्षा कब सुनिश्चित होगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp