MP कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गाय माता के नाम पर भाजपा केवल राजनीतिक लाभ उठा रही है, जबकि वास्तविकता में गौ-हत्या और गौ-मांस व्यापार को बढ़ावा दिया जा रहा है। पटवारी ने बताया कि प्रदेश में गौ-मांस पर 0% GST लगाकर सरकार ने इस व्यापार को प्रोत्साहित किया है।
पटवारी ने कहा कि भोपाल नगर निगम के अधीन स्लॉटर हाउस में कई टनों में गाय के मांस के अवशेष मिले हैं। वहीं इंदौर नगर निगम की गौशालाओं में चारा, पानी और इलाज के अभाव में 15 गायों की मौत हुई है। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि गंभीर नैतिक और कानूनी अपराध है। उन्होंने भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर बताया।
जीतू पटवारी ने लगाया आरोप
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विदेशों में, खासकर ओमान में, गौ-मांस और हलाल मांस के निर्यात को बढ़ावा दिया। इसके लिए सर्टिफिकेट जारी किए गए, जिससे यह सुनिश्चित किया गया कि विदेशी मांग के अनुसार मांस उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार देश में गो-राजनीति करती है, लेकिन वास्तविकता में मुनाफा कमाने में लगी हुई है।
मेरे प्रदेश के मुख्यमंत्री विज्ञापनों में स्वयं को किसान पुत्र बताते हैं, लेकिन उनकी सरकार में गौमाता की हत्या कर गौमांस का धंधा चल रहा है और किसान लगातार कर्ज में मर रहा है।
📍: इंदिरा भवन, भोपाल। pic.twitter.com/PWpDT8lDdZ
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) January 12, 2026
पटवारी ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं पर भाजपा सरकार कोई ध्यान नहीं देती। फसल बीमा समय पर नहीं मिल रहा, अतिवृष्टि और खाद की कमी से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों की सुरक्षा के लिए गोवंश को सड़कों पर छोड़ने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाएं और पशु मृत्युएं बढ़ रही हैं।
मांगें और आगे की कार्रवाई
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मांग है कि भोपाल के स्लॉटर हाउस में गौ-मांस पकड़े जाने की उच्चस्तरीय जाँच की जाए। इंदौर नगर निगम गौशाला में हुई गायों की मौत की न्यायिक जाँच हो। गौ-मांस पर 0% GST को तत्काल वापस लिया जाए और प्रदेश की सभी गौशालाओं और निर्वासित गोवंश पर श्वेत-पत्र जारी किया जाए। साथ ही, केंद्र सरकार गौ-मांस निर्यात के मामले में जवाबदेही तय करे।
