सतना शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया के निर्देशन में नेशनल हाईवे पर बेतरतीब तरीके से खड़ी की जा रही बसों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में आरटीओ संजय श्रीवास्तव, ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर रामदेवी राई और पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी रही।
अभियान के दौरान नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से खड़ी 6 बसों को चिन्हित किया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रत्येक बस पर 2500 रुपये का चालान काटा गया। इस प्रकार केवल हाईवे क्षेत्र में ही 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। प्रशासन का कहना है कि हाईवे पर बसों की अवैध पार्किंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और यातायात भी बाधित होता है।
सतना आईएसबीटी होने के बावजूद लापरवाही
प्रशासन ने बताया कि आईएसबीटी बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वहां बसों की पार्किंग के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद कुछ बस चालक नियमों की अनदेखी करते हुए नेशनल हाईवे पर ही बसें खड़ी कर रहे हैं। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नेशनल हाईवे के साथ-साथ रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, रात के समय रेलवे स्टेशन के आसपास बड़ी संख्या में बसें और अन्य बड़े वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जबकि वहां किसी प्रकार का अधिकृत बस स्टॉप नहीं है। इस क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया, जिससे कुल वसूली 17 हजार 500 रुपये तक पहुंच गई।
नगर निगम की व्यवस्थाएं
नगर निगम द्वारा बस स्टैंड पर वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन ने सभी बस संचालकों और चालकों से अपील की है कि वे अपनी बसें केवल निर्धारित आईएसबीटी बस स्टैंड में ही खड़ी करें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
