, ,

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, बोले- नोटिस नहीं; सीधे पटवारियों का काटो वेतन

Author Picture
Published On: 13 January 2026

सतना जिले में सीएम हेल्पलाइन से जुड़े लंबित और असंतोषजनक प्रकरणों को लेकर कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में सख्त रुख अपनाया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मैदानी स्तर पर जिन पटवारियों की कार्यप्रणाली खराब है और जो सीएम हेल्पलाइन के मामलों में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, उनके खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अनुभाग में सीएम हेल्पलाइन के मामलों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि केवल रिपोर्ट भेजने या खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा। एसडीएम स्वयं प्रकरण देखें, शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निराकरण हो।

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही

बैठक के दौरान एसडीएम नागौद की सीएम हेल्पलाइन में कमजोर प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। जब एसडीएम ने बताया कि उन्होंने संबंधित आरआई पर कार्रवाई की है, तो कलेक्टर ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल आरआई पर कार्रवाई से स्थिति नहीं सुधरेगी। कलेक्टर ने साफ कहा कि सीएम हेल्पलाइन के अधिकांश मामलों में सीधे तौर पर पटवारियों की भूमिका सामने आती है, ऐसे में जिम्मेदारी भी उन्हीं की तय होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पटवारियों की वजह से प्रकरण लंबित हैं या बार-बार शिकायतें आ रही हैं, उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाए।

वेतन कटौती के आदेश

जब एसडीएम ने बताया कि पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, तो कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अब नोटिस का दौर खत्म होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाह पटवारियों के खिलाफ सीधे वेतन कटौती की कार्रवाई की जाए, ताकि मैदानी स्तर पर सख्त संदेश जाए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम से कहा कि सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा एक बार की औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाए और हर सप्ताह प्रगति की समीक्षा हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिले, न कि केवल फाइलों में प्रकरण बंद किया जाए।

प्रशासन ने दिए साफ संकेत

इस बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि जिला प्रशासन सीएम हेल्पलाइन को लेकर अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। आने वाले दिनों में राजस्व विभाग में कार्रवाई और सख्ती और बढ़ने के संकेत भी कलेक्टर ने दे दिए हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp