जबलपुर जिले में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें दो ममेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मालाकलां गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों युवक वाहन के चक्कों में फंस गए और पिकअप उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
पुलिस के अनुसार, पिपरिया गांव निवासी नन्हें गौंड का 14 वर्षीय बेटा अर्पित गौंड कुछ दिनों से अपने मामा महेश गौंड के घर पाटन आया हुआ था। मंगलवार शाम महेश का 20 वर्षीय बेटा सोहित गौंड बाइक से अर्पित को उसके घर छोड़ने के लिए निकला था। दोनों आपस में ममेरे भाई थे और सामान्य रूप से घर लौट रहे थे।
जबलपुर में तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
जब बाइक ग्राम मालाकलां के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप वाहन (क्रमांक MP42-G3609) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर गए और पिकअप के पहियों में फंस गए। चालक ने वाहन नहीं रोका और घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बेलखेड़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया। हालांकि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल पिकअप वाहन पाटन क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपे गए शव
बुधवार को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
