दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली 5 साल बाद ICC वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर लौट आए हैं। बुधवार को जारी रैंकिंग के अनुसार, विराट ने भारत के ही रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 बल्लेबाज का खिताब हासिल किया। रोहित शर्मा अब नंबर-3 पर आ गए हैं और उन्हें दो स्थान का नुकसान हुआ।
विराट कोहली को यह सफलता न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में खेले गए 93 रन की शानदार पारी का सीधा फायदा है। इस पारी के बाद उनके रेटिंग पॉइंट्स बढ़कर 785 हो गए हैं। जुलाई 2021 के बाद यह पहली बार है जब विराट नंबर-1 पर लौटे हैं। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने अपने करियर में 11वीं बार वनडे में शीर्ष स्थान हासिल किया है। पिछले हफ्ते वह नंबर-2 पर थे।
विराट कोहली
न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को भी एक स्थान का फायदा मिला है और वे अब 784 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर-2 पर हैं। इस तरह पहले और दूसरे स्थान के बीच केवल 1 रेटिंग अंक का अंतर है, जिससे मुकाबला बेहद करीबी बन गया है। विराट ने अक्टूबर 2013 में पहली बार वनडे रैंकिंग में टॉप स्थान हासिल किया था। अब तक वह कुल 825 दिनों तक नंबर-1 बल्लेबाज रह चुके हैं। यह रिकॉर्ड किसी अन्य भारतीय बल्लेबाज के पास नहीं है। विश्व स्तर पर इस मामले में विराट 10वें स्थान पर हैं।
भारतीय खिलाड़ी चमके
गेंदबाजी रैंकिंग में मोहम्मद सिराज ने 5 स्थान की छलांग लगाते हुए 15वें पायदान पर जगह बनाई। इस पायदान पर बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज भी मौजूद हैं। वहीं, अफगानिस्तान के ऑलराउंडर राशिद खान टॉप बॉलर बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने भारत के खिलाफ 4 विकेट लेकर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में भी मिला और वे 27 स्थान ऊपर उठकर 69वें नंबर पर पहुंच गए।
