इंदौर में एमडी ड्रग्स सप्लाई का खुलासा, भोपाल का स्कूल संचालक अबान शकील गिरफ्तार

Author Picture
Published On: 15 January 2026

इंदौर क्राइम ब्रांच और कनाडिया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भोपाल के कुख्यात ड्रग तस्कर अबान शकील को गिरफ्तार किया है। आरोपी अबान भोपाल में सेंट माइकल स्कूल और सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी का संचालन करता है। गिरफ्तारी के बाद यह मामला इसलिए भी चर्चा में आ गया है क्योंकि आरोपी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा होने के बावजूद ड्रग्स के अवैध कारोबार में सक्रिय था।

पुलिस पूछताछ में अबान शकील ने बताया कि भोपाल में जिमिंग के दौरान उसने एमडी ड्रग्स का सेवन शुरू किया था। उसका कहना है कि नशे की हालत में वर्कआउट करने पर वजन का अहसास कम हो जाता था, जिससे वह ज्यादा वेट लिफ्टिंग कर पाता था। धीरे-धीरे यह शौक लत में बदला और फिर वह खुद ड्रग्स की सप्लाई के धंधे में उतर गया।

इंदौर में थार से करता था ड्रग डिलीवरी

अबान भोपाल के लोकल ड्रग तस्करों से एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर में खपाने का काम करता था। वह खुद की थार गाड़ी से ड्रग डिलीवरी देता था, ताकि किसी को उस पर शक न हो। इंदौर के कुछ चुनिंदा लाउंज और पब उसके नियमित ग्राहक थे, जहां वह ऊंचे दामों पर नशीला पदार्थ सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक, अबान एक ग्राम एमडी ड्रग्स करीब 10 हजार रुपए में बेचता था। वह लंबे समय से इंदौर-भोपाल के बीच इस नेटवर्क को चला रहा था और धीरे-धीरे उसका दायरा बढ़ता जा रहा था।

मुखबिर की सूचना

13 जनवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अबान शकील कनाडिया क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खेप लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर बताए गए रास्ते पर घेराबंदी कर पुलिस ने उसकी थार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 5.5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

अबान भोपाल के कोहेफिजा इलाके में सैफिया कॉलेज मैदान के पास आधा एकड़ में बनी करोड़ों रुपए की कोठी में रहता है। उसके घर के पोर्च में लग्जरी कारें खड़ी रहती हैं। सेंट माइकल स्कूल के संचालन में उसकी बहन भी सहयोगी है। वह पुराने भोपाल का रहने वाला है, लेकिन उसकी उठना-बैठना नए भोपाल के क्लब और लाउंज में ज्यादा थी।

ड्रग पैडलर ‘बाबा’ से जुड़ा नेटवर्क

अबान ने पुलिस को बताया कि उसे एमडी ड्रग्स भोपाल के ड्रग पैडलर बाबा से मिलती थी। बाबा पार्टी और पब में नशा करने वालों को ड्रग्स सप्लाई करता है। दोनों की पहचान एक पब पार्टी के दौरान हुई थी। अबान के मोबाइल से बाबा के साथ व्हाट्सऐप चैट भी मिली है, जिसमें कोडवर्ड में ड्रग्स की बातचीत की गई थी।

सूत्रों के अनुसार, बाबा ने तीन लोगों को मिलाकर करीब 60 ग्राम एमडी सप्लाई की थी, हालांकि इस केस में फिलहाल 5.5 ग्राम की ही बरामदगी दिखाई गई है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स की सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp