, ,

ONOS पोर्टल में MP बना नंबर-1, देशभर के राज्यों को पीछे छोड़ा

Author Picture
Published On: 15 January 2026

डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में MP ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा शुरू की गई ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ (ONOS) योजना में मध्यप्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। इस पोर्टल पर पंजीयन कराने के मामले में प्रदेश ने सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। ONOS पोर्टल छात्रों, शोधार्थियों और प्राध्यापकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के रिसर्च पेपर और एकेडमिक जर्नल्स नि:शुल्क पढ़ने की सुविधा देता है।

मध्यप्रदेश में अब तक 617 उच्च शिक्षण संस्थानों ने ONOS पोर्टल पर पंजीयन कराया है। यह संख्या देश में सर्वाधिक है। दूसरे स्थान पर कर्नाटक है, जहां 480 संस्थान इस पोर्टल से जुड़े हैं। इस उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश ने यह साबित किया है कि उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों को अपनाने में प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

ONOS पोर्टल में MP बना नंबर-1

ONOS पोर्टल के जरिए विद्यार्थी और शोधार्थी बिना किसी शुल्क के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स, रिसर्च पेपर और अकादमिक पुस्तकों तक पहुंच बना सकते हैं। इससे शोध कार्य, पीएचडी, प्रोजेक्ट और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में काफी सहूलियत मिल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे प्रदेश में शोध की गुणवत्ता और अकादमिक स्तर दोनों में सुधार होगा।

ONOS योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मध्यप्रदेश में इसे चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया गया। पहले चरण में राज्य स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। दूसरे चरण में हर उच्च शिक्षण संस्थान में संस्था-वार नोडल अधिकारी तय किए गए। तीसरे चरण में इन नोडल अधिकारियों ने प्राध्यापकों और विद्यार्थियों का पंजीयन कर उनकी आईडी और पासवर्ड जनरेट किए। इसके बाद यूजर्स लॉगिन कर पोर्टल की सुविधाओं का लाभ लेने लगे।

देशभर में लाखों यूजर

देशभर में ONOS पोर्टल का उपयोग करने वाले यूजर्स की संख्या 98.44 लाख से अधिक हो चुकी है। इनमें से अकेले मध्यप्रदेश से 8.38 लाख से ज्यादा विद्यार्थी, शोधार्थी और प्राध्यापक पोर्टल का उपयोग कर रहे हैं। यह आंकड़ा प्रदेश की मजबूत डिजिटल शिक्षा नीति और बेहतर क्रियान्वयन को दर्शाता है।

टॉप 5 प्रदेश

राज्य पंजीयन यूजर संख्या
मध्यप्रदेश 8 लाख 38 हजार 166
कर्नाटक 3 लाख 54 हजार 310
राजस्थान 6 लाख 97 हजार 323
असम 4 लाख 26 हजार 155
छत्तीसगढ़ 2 लाख 91 हजार 409

उच्च शिक्षा विभाग का दावा

अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा विभाग अनुपम राजन ने बताया कि ONOS पोर्टल पर पंजीयन और उपयोग के मामले में मध्यप्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक छात्रों और शिक्षकों को वैश्विक ज्ञान संसाधनों से जोड़ना है, ताकि शिक्षा और शोध को नई दिशा मिल सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp