70 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा की तस्वीर बदलने वाली Zeenat Aman एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार किसी फिल्म या फोटोशूट को लेकर नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी की किताब को लेकर। जिस अभिनेत्री ने पर्दे पर बोल्डनेस, आत्मविश्वास और आज़ादी की नई परिभाषा गढ़ी, अब वही अपनी असल जिंदगी की कहानी शब्दों में पिरोने का मन बना रही हैं।
जीनत अमान सिर्फ एक एक्ट्रेस नहीं रहीं, वह अपने समय की सोच से आगे चलने वाली महिला थीं। जब बॉलीवुड की हीरोइनें साड़ी और घूंघट में सीमित थीं, तब जीनत ने वेस्टर्न कपड़े, बेबाक किरदार और मजबूत महिला छवि के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ से लेकर ‘डॉन’, ‘यादों की बारात’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ तक, उनका फिल्मी सफर किसी सपने से कम नहीं रहा।
Zeenat Aman
लेकिन इस चमकदार करियर के पीछे उनकी निजी जिंदगी उतनी ही उतार-चढ़ाव भरी रही। जीनत अमान की लाइफ हमेशा लोगों की नज़रों में रही। रिश्ते, अफवाहें, दर्द और टूटन सब कुछ खुलेआम। खासतौर पर संजय खान के साथ उनका रिश्ता आज भी उनके जीवन का सबसे संवेदनशील अध्याय माना जाता है। ऐसे कई किस्से हैं जिन पर अब तक उन्होंने खुलकर बात नहीं की। शायद यही वजह है कि उनकी संभावित ऑटोबायोग्राफी को लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं।
हाल ही में जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2026 में जीनत अमान ने इशारों-इशारों में यह साफ कर दिया कि वह अपनी कहानी खुद सुनाना चाहती हैं। मंच पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हर इंसान की जिंदगी में ड्रामा होता है, फर्क सिर्फ इतना है कि कुछ लोगों की जिंदगी सबके सामने होती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर मौका मिला, तो वह जरूर अपनी ऑटोबायोग्राफी लिखेंगी।
असली कहानी
दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने दर्शकों से ही पूछ लिया कि क्या उन्हें यह किताब लिखनी चाहिए। जवाब में तालियों और उत्साह ने बता दिया कि लोग जीनत अमान की असली कहानी सुनने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह इस किताब को अमन नाथ के साथ मिलकर लिखना चाहेंगी और नाम होगा “Aman and Aman।”
आज की जीनत अमान उस दौर की स्टार नहीं रहीं जो सिर्फ कैमरों की रोशनी में जीती हो। वह स्पॉटलाइट से दूर रहकर भी जिंदगी को पूरे मन से जीती हैं। उनका कहना है कि अब उन्हें कैमरों की जरूरत नहीं, छोटी-छोटी खुशियां ही उनके लिए काफी हैं। बगीचे में खिला एक फूल भी उन्हें उतनी ही खुशी देता है, जितनी कभी स्टेज पर मिलती थी।
जल्द ही करेंगी वापसी
कई सालों के ब्रेक के बाद जीनत अमान ने 2019 में ‘पानीपत’ से वापसी की और अब वह जल्द ही ‘बन टिक्की’ में नजर आएंगी। लेकिन फिल्मों से ज्यादा, अगर उनकी ऑटोबायोग्राफी आती है, तो वह सिर्फ एक किताब नहीं होगी बल्कि एक दौर, एक सोच और एक औरत की सच्ची कहानी होगी, जो शायद अब तक हमने सिर्फ आधी ही सुनी है।
