राजधानी भोपाल में एक साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। बच्ची की नानी किरण ने 14 जनवरी को थाने पहुंचकर आवेदन दिया, जिसमें अपनी बेटी काजल और उसके साथ रहने वाले युवक विजयपाल पर बच्ची के साथ मारपीट और जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत सामने आते ही पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।
नानी किरण ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी काजल बच्ची के साथ रहती है और उसके साथ विजयपाल नाम का युवक भी रह रहा है। दोनों अक्सर बच्ची के साथ मारपीट करते हैं। हाल ही में बच्ची के शरीर पर जलने के निशान दिखाई दिए, जिससे शक और गहरा गया। आरोप है कि बच्ची को किसी गर्म वस्तु से जलाया गया है।
भोपाल का मामला
आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर जलने के निशान पाए गए, जिसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में विधिसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना जानबूझकर की गई या लापरवाही का नतीजा है।
पुलिस के अनुसार, काजल कुछ समय पहले बच्ची को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। बाद में वह वापस लौटी। जब मां किरण ने उसके जाने की वजह पूछी, तो काजल ने आपसी विवाद का हवाला दिया। इसी दौरान बच्ची के शरीर पर जलने के निशान देखे गए, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
रिश्तों को लेकर भी जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि काजल और विजयपाल के बीच क्या संबंध हैं। दोनों पति-पत्नी हैं या लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, यह तथ्य विवेचना पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल आरोपी पक्ष ने घटना की स्पष्ट वजह स्वीकार नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लोगों और संभावित गवाहों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना एक-दो दिन पुरानी हो सकती है। हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।
बच्ची की हालत फिलहाल सामान्य
राहत की बात यह है कि बच्ची की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। वह चल-फिर पा रही है और किसी गंभीर खतरे की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
