जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक पर रविवार दोपहर लगभग 2 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर डिवाइडर की जालियों की सफाई कर रहे 13 मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से सात की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान चैनवती बाई (40 वर्ष) और लच्छो बाई (40 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक और घायल मजदूर मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के बिहारिया गांव के रहने वाले हैं और डेढ़ महीने से जबलपुर में मजदूरी कर रहे थे।
जबलपुर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मजदूर सड़क के डिवाइडर में लगी लोहे की जालियों की सफाई कर चुके थे और खाना खा रहे थे। इसी दौरान बरेला से जबलपुर की ओर आ रही एक सफेद कार ने उन्हें रौंदते हुए भागने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बरेला थाना पुलिस और डायल 108 को सूचना दी। थाना प्रभारी अनिल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
पुलिस कार्रवाई और जांच
पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर चिंता व्यक्त की है। हादसे के बाद लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि मजदूरों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए डिवाइडर और सड़कों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।
