,

भोपाल के जेपी अस्पताल में शुरू हुई डायबिटिक रेटिनोपैथी की नि:शुल्क जांच, पढ़ें पूरी खबर

Author Picture
Published On: 22 January 2026

भोपाल के जयप्रकाश जिला चिकित्सालय (जेपी अस्पताल) में डायबिटिक रेटिनोपैथी की नि:शुल्क जांच के लिए नया केंद्र स्थापित किया गया है। यहां एआई फंडस कैमरा के माध्यम से मरीजों की फंडस स्क्रीनिंग की जाएगी। डायबिटिक रेटिनोपैथी पाए जाने पर मरीज का उपचार हमीदिया अस्पताल में कराया जाएगा।

इस केंद्र का संचालन अमृता दृष्टि नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रम के सहयोग से किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के वरिष्ठ संयुक्त संचालक डॉ. प्रभाकर तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन और आरंभ संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भोपाल जेपी अस्पताल

केंद्र को अस्पताल में चल रहे असंचारी रोग क्लीनिक से जोड़ा गया है। 40 साल से अधिक उम्र के मरीजों की डायबिटीज और उच्च रक्तचाप की जांच के बाद डायबिटिक रेटिनोपैथी का परीक्षण नेत्र रोग विशेषज्ञ की सलाह पर किया जाएगा। निजी क्षेत्र में इस जांच की लागत दो से ढाई हजार रुपए तक होती है, जबकि जेपी अस्पताल में यह नि:शुल्क उपलब्ध है।

डायबिटिक रेटिनोपैथी क्या है?

डायबिटिक रेटिनोपैथी डायबिटीज के कारण आंख के परदे (रेटिना) पर होने वाली बीमारी है। इसमें आंख के परदे पर हल्के खून के छींटे या धब्बे दिखाई देने लगते हैं। इस रोग में नजर प्रभावित होने के बाद दृष्टि को वापस लाना मुश्किल होता है। प्रारंभिक चरण में कोई स्पष्ट लक्षण या दर्द महसूस नहीं होता।

लक्षण और उपचार

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अक्षर कटे या तिरछे दिखना, बारीक अक्षर पढ़ने में कठिनाई, रोशनी की कमी, धुंधलापन, काले धब्बे या काली रेखाएं इसके लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि डायबिटीज रोगियों को नियमित नेत्र जांच करानी चाहिए। बीमारी का उपचार दवा, लेजर या अन्य चिकित्सीय पद्धति के माध्यम से संभव है।

इस नए केंद्र के जरिए भोपाल में डायबिटीज से प्रभावित लोगों को समय पर रोग पहचान और इलाज उपलब्ध होगा। इससे दृष्टि खोने की संभावना को कम किया जा सकेगा और मरीजों को आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp