मंदसौर शहर के हर परिवार को शुद्ध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रामघाट क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना के तहत 11 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से नवीन फिल्टर प्लांट, वॉटर टैंक और डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन के निर्माण का भूमि-पूजन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि यह परियोजना मंदसौर की पेयजल व्यवस्था को दीर्घकालिक रूप से सुदृढ़ बनाएगी और बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में आधुनिक और उन्नत तकनीक से युक्त फिल्टर प्लांट का निर्माण समय की आवश्यकता है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद नगरवासियों को बेहतर गुणवत्ता का पानी नियमित रूप से उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अमृत 2.0 योजना और ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के माध्यम से सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
मंदसौर के हर घर तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प भी है। उन्होंने बिजली, स्वच्छता और जल जैसी मूलभूत सेवाओं को बनाए रखने में नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया और लोगों से अपने शहर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ व सुव्यवस्थित रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए संचालित जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें विकास की मुख्यधारा में लाना है।
मंदसौर के हर परिवार को मिलेगा शुद्ध पेयजल
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने रामघाट में 11 करोड़ के नवीन फिल्टर प्लांट का किया भूमि-पूजनRM: https://t.co/wvaRPzuMcK@DrMohanYadav51 @CMMadhyaPradesh @JagdishDevdaBJP #JansamparkMP #MadhyaPradesh pic.twitter.com/9wFOOKvPhr
— Finance Department, MP (@mpfinancedep) January 23, 2026
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि 16 एमएलडी क्षमता के इस नवीन फिल्टर प्लांट के साथ तीन नई जल टंकियों का निर्माण और तेलिया तालाब का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चंबल नदी से लगभग 60 प्रतिशत जलापूर्ति की जा रही है, जबकि भविष्य में मंदसौर बैराज परियोजना के पूरा होने के बाद शहर को और अधिक जल उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह परियोजना करीब 3300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है।
सिवरेज व्यवस्था में होगा सुधार
सांसद ने यह भी जानकारी दी कि मंदसौर में सिवरेज परियोजना का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
