77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को नमन किया और संविधान, लोकतंत्र एवं देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, एआईसीसी सचिव कुणाल चौधरी, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा लोकसभा पूर्व प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव अमित शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता तथा युवा संगठन एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण
ध्वजारोहण उपरांत उमंग सिंघार ने कांग्रेस परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ झंडावंदन किया और गणतंत्र दिवस की खुशियाँ साझा करते हुए मिठाई वितरित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सिंघार ने कहा कि संविधान भारत की आत्मा है और इसकी रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों को और मजबूत करने की जरूरत है।
आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस परिवार के समस्त पदाधिकारियों एवं जेष्ठ–श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ झण्डावंदन कर, मिठाई वितरित कर यह राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और देशसेवा के प्रति… pic.twitter.com/miHydenGGN
— Umang Singhar (@UmangSinghar) January 26, 2026
कांग्रेस का लोकतंत्र
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी इस लड़ाई को मजबूती से जारी रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
