,

चंबल राजघाट पर अवैध रेत के खिलाफ बड़ा एक्शन, दो दिन में 9,550 ट्रॉली रेत नष्ट

Author Picture
Published On: 4 February 2026

मुरैना जिले के चंबल राजघाट पर अवैध रेत भंडारण के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख दूसरे दिन भी देखने को मिला। बुधवार सुबह 6 बजे से राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स ने मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान 12 जेसीबी और 4 लोडर मशीनों की मदद से दोपहर 2 बजे तक 4 हजार से अधिक ट्रॉली डंप रेत को मौके पर ही नष्ट किया गया।

प्रशासन के मुताबिक बुधवार को नष्ट की गई रेत की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए है। सुबह से लगातार चल रही इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा रेत को जेसीबी से फैलाकर उपयोग के लायक नहीं छोड़ा गया। अधिकारियों ने साफ किया कि जब तक पूरा अवैध भंडारण खत्म नहीं हो जाता, तब तक कार्रवाई जारी रहेगी।

तेज हुई कार्रवाई

इस पूरे मामले में मीडिया रिपोर्ट के बाद प्रशासन और अधिक सक्रिय हुआ। मंगलवार 3 फरवरी को करीब 250 जवानों के साथ टास्क फोर्स चंबल राजघाट पहुंची थी। पहले ही दिन 5,500 ट्रॉली अवैध रेत को नष्ट किया गया था। इसके बाद बुधवार को कार्रवाई और तेज कर दी गई।

दो दिन में 2.85 करोड़ की कार्रवाई

दो दिनों में कुल 9,550 ट्रॉली अवैध रूप से डंप की गई रेत को नष्ट किया जा चुका है। प्रशासन ने इसकी कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 85 लाख रुपए आंकी है। रेत माफिया पर दबाव बनाने के लिए नदी तक जाने वाले रास्तों को भी खोदा जा रहा है, ताकि भविष्य में कोई वाहन चंबल नदी तक पहुंच न सके।

चंबल राजघाट पर बड़ी मात्रा में अवैध रेत भंडारित मिली है। टास्क फोर्स लगातार कार्रवाई कर रही है और जब तक पूरी रेत नष्ट नहीं कर दी जाती, अभियान जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन और भंडारण पर स्थायी रोक लगाना है- अश्वनी कुमार रावत, SDM

150 पुलिस जवान तैनात

एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 150 पुलिस जवान मौके पर तैनात हैं। डंप रेत की मात्रा काफी अधिक है, इसी वजह से 12 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। अभी भी हजारों ट्रॉली रेत को नष्ट किया जाना बाकी है और टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp