जबलपुर के जीसीएफ फैक्ट्री क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पोस्ट ऑफिस के सामने सड़क पार कर रहा एक बारहसिंगा अचानक एक्टिवा सवार दंपति से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े, जबकि बारहसिंगा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारहसिंगा जंगल की ओर से दौड़ता हुआ आया था। बताया जा रहा है कि कुछ श्वानों द्वारा खदेड़े जाने के कारण वह घबराया हुआ था और जान बचाने के लिए सड़क की ओर भाग गया। इसी दौरान रांझी से जबलपुर की ओर जा रहे दंपति की एक्टिवा से उसकी सीधी टक्कर हो गई। यह हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ।
जबलपुर जीसीएफ फैक्ट्री
हादसे में घायल दंपति कटंगी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घायल बुजुर्ग का नाम हरिशंकर चमोली है, जो पत्नी लोकेश ध्यानी के साथ घर लौट रहे थे। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही जीसीएफ स्टेट के सुरक्षा कर्मचारी, नगर निगम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फैक्ट्री कर्मचारियों ने तत्काल सुरक्षा विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मृत बारहसिंगा को वन विभाग के सुपुर्द किया गया। सुरक्षा अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि जानवर अचानक तेज रफ्तार में सड़क पार कर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका पहाड़ी और जंगल से सटा हुआ है, जहां से जंगली जानवर अक्सर सड़क पर आ जाते हैं। इससे पहले भी इसी मार्ग पर जंगली जानवरों के घायल होने और वाहन दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके, स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल से सटे पूरे क्षेत्र को मजबूत फेंसिंग से कवर किया जाए, ताकि जानवर सड़क तक न पहुंच सकें। फैक्ट्री प्रबंधन ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि इस मार्ग पर धीमी गति से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
