उज्जैन के जिला रोजगार कार्यालय में बुधवार को एक दिवसीय “युवा संगम रोजगार मेला” आयोजित किया गया है। इस मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उज्जैन सहित आसपास के जिलों के युवाओं के लिए यह मेला नौकरी की तलाश में एक बड़ा मौका माना जा रहा है।
मध्यप्रदेश शासन के युवा संगम कार्यक्रम के तहत यह रोजगार मेला 04 फरवरी, बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया गया है। आयोजन स्थल जिला रोजगार कार्यालय, महाश्वेता नगर, इस्कॉन मंदिर के सामने रखा गया है। मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और शासकीय आईटीआई के संयुक्त सहयोग से किया गया है।
उज्जैन रोजगार मेला
इस रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो 5वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक किसी भी विष में उत्तीर्ण उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आईटीआई, डिप्लोमा और अन्य तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए भी अलग-अलग अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इन कंपनियों की होगी भागीदारी
मेले में कई प्रतिष्ठित और जानी-मानी कंपनियां शामिल हो रही हैं। इनमें कटारिया ग्रुप, बोकेम हेल्थकेयर, न्यू जील फैशन वियर, आइसेक्ट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ, भारतीय जीवन बीमा निगम, स्वतंत्र माइक्रोफिन, भागीरथ मोटर्स, मदर सन ऑटोमेटिव, टीएससीएफएम सेज फाउंडेशन, प्रतिभा स्वराज प्रा. लि., पुखराज हेल्थ केयर, बेस्ट लाइफस्टाइल अपैरल, बालाजी सिक्योरिटी सर्विसेज और ईवे आईटी सॉल्यूशंस शामिल हैं। इसके अलावा भी कई कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।
कौन-कौन से पद होंगे उपलब्ध
रोजगार मेले में सेल्स एक्जिक्यूटिव, टेक्नीशियन, ट्रेनर, टीम लीडर, बैंक ऑफिस स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ऑपरेटर, हेल्पर और ऑफिस बॉय जैसे पदों के लिए भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि महिलाओं के लिए भी हेल्पर और ऑपरेटर पदों पर विशेष भर्ती रखी गई है, जिससे महिला उम्मीदवारों को भी बेहतर अवसर मिल सके।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां, अपडेटेड बायोडाटा और आधार कार्ड की फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया मौके पर ही साक्षात्कार के माध्यम से की जाएगी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लें, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुल सकें।
