रियलिटी शो ‘द 50’ इन दिनों अपने टास्क (Prince Narula) या प्राइज मनी से ज्यादा कंटेस्टेंट्स के बीच हो रही नोकझोंक और तीखे बयानों को लेकर चर्चा में है। शो के हालिया एपिसोड में ऐसा ही एक पल देखने को मिला, जब प्रिंस नरूला ने यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी।
इस शो में खास बात यह है कि यहां टीवी एक्टर्स, सोशल मीडिया स्टार्स और यूट्यूबर्स सभी एक ही छत के नीचे मुकाबला कर रहे हैं। ऐसे में अलग-अलग बैकग्राउंड से आए कंटेस्टेंट्स के बीच विचारों का टकराना लाजमी है।
खाने की टेबल से शुरू हुई बहस
यह पूरा मामला उस वक्त सामने आया, जब शो में प्रिंस नरूला, ऋद्धि डोगरा और करण पटेल साथ बैठकर खाना खा रहे थे। बातचीत के दौरान प्रिंस ने अचानक इंडस्ट्री में यूट्यूबर्स की एंट्री पर नाराजगी जाहिर कर दी।
प्रिंस का कहना था कि जब से यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स को फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में ज्यादा तवज्जो मिलने लगी है, तब से असली कलाकारों की वैल्यू कम हो गई है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस ट्रेंड ने इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाया है।
“इनकी वैल्यू बेवजह बढ़ा दी गई”
प्रिंस ने आगे कहा कि आजकल फिल्मों और म्यूजिक इंडस्ट्री में भी इन्फ्लुएंसर्स के साथ रील बनाने का दबाव डाला जाता है। गायक हों या कलाकार, सभी को कहा जाता है कि इन लोगों के साथ वीडियो बनाओ ताकि हाइप मिले। उनके मुताबिक, इसी वजह से कुछ लोगों की वैल्यू जरूरत से ज्यादा बढ़ा दी गई है। प्रिंस ने तंज कसते हुए कहा कि कई इन्फ्लुएंसर्स 12 सेकंड से ज्यादा एक्टिंग ही नहीं कर पाते। कैमरे के सामने आते ही बोलना तक मुश्किल हो जाता है।
ऋद्धि डोगरा ने भी रखी अपनी बात
प्रिंस की बातों से ऋद्धि डोगरा भी सहमत नजर आईं। उन्होंने कहा कि एक्टर्स सालों मेहनत करते हैं, ट्रेनिंग लेते हैं और डिसिप्लिन में रहते हैं, जबकि इन्फ्लुएंसर्स को सिर्फ हाइप के दम पर मौके मिल जाते हैं। ऋद्धि के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में प्रोफेशनल एथिक्स की कमी दिखती है। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुभव को नजरअंदाज कर सिर्फ फॉलोअर्स के आधार पर लोगों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
शो का कॉन्सेप्ट
‘द 50’ एक अनोखा रियलिटी शो है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 50 सेलेब्रिटी एक बड़े महल में रहते हैं। यहां उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरह के टास्क दिए जाते हैं। इस शो की खास बात यह है कि दर्शक अपने पसंदीदा कंटेस्टेंट पर दांव लगाते हैं। जो कंटेस्टेंट अंत में जीतता है, उसके किसी एक फैन को 50 लाख रुपये की प्राइज मनी मिलती है।
कौन हैं सबसे मजबूत दावेदार?
अब तक शो में कई मजबूत नाम सामने आए हैं, जिनमें प्रिंस नरूला, शिव ठाकरे, फैसल शेख, रजत दलाल और दिग्विजय राठी शामिल हैं। सभी कंटेस्टेंट अपनी रणनीति और पर्सनैलिटी के दम पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रिंस नरूला के इस बयान के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। कुछ लोग उनकी बातों से सहमत हैं और मानते हैं कि मेहनती कलाकारों को नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं कुछ लोग इसे पुराने और नए दौर के बीच की सोच का टकराव बता रहे हैं।
