,

6 फरवरी को होगी परीक्षा पे चर्चा, प्रधानमंत्री मोदी विद्यार्थियों से करेंगे सीधा संवाद

Author Picture
Published On: 5 February 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 फरवरी को देशभर के विद्यार्थियों के साथ “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम में संवाद करेंगे। इस दौरान वे परीक्षा के समय विद्यार्थियों के मन में उठने वाली शंकाओं का समाधान करेंगे और उन्हें तनावमुक्त होकर सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे। यह कार्यक्रम हर साल छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय रहता है और परीक्षा से पहले उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने में मदद करता है।

परीक्षा पे चर्चा का यह नौवां संस्करण है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। कार्यक्रम 6 फरवरी को सुबह 10 बजे नई दिल्ली से आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई, समय प्रबंधन, परीक्षा का डर और भविष्य को लेकर उनकी चिंताओं पर खुलकर चर्चा करेंगे। हर साल की तरह इस बार भी कार्यक्रम से विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी

मध्यप्रदेश में परीक्षा पे चर्चा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। शुक्रवार, 6 फरवरी को प्रदेश के सभी विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में होगा, जहां विद्यार्थी, अभिभावक, वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट जन सजीव प्रसारण में सहभागिता करेंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड के ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच उपस्थित रहेंगे। वे वहां छात्रों के साथ बैठकर कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में भाग लेंगे और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

देशभर में सीधा प्रसारण

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के विभिन्न चैनलों, ऑल इंडिया रेडियो, पीएमओ वेबसाइट mygov.in, यूट्यूब, फेसबुक लाइव, स्वयंप्रभा चैनल, दीक्षा चैनल सहित कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा। इसके अलावा नेटफ्लिक्स, जियो हॉटस्टार और अमेजन प्राइम वीडियो जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा। कई निजी टीवी चैनल भी इसे लाइव दिखाएंगे।

रिकॉर्ड सहभागिता

प्रदेश में परीक्षा पे चर्चा में भाग लेने के लिए 1 दिसंबर से 11 जनवरी तक ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा दी गई थी। इस दौरान मध्यप्रदेश से कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 22 लाख 95 हजार से अधिक विद्यार्थियों, 1 लाख 28 हजार से अधिक शिक्षकों और 17 हजार से ज्यादा अभिभावकों सहित कुल 24 लाख 41 हजार 390 लोगों ने पंजीयन कराया।

स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कार्यक्रम को उत्सव की तरह आयोजित किया जाएगा। टीवी के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इंटरनेट डिवाइस के जरिए भी लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम के सुचारू आयोजन को लेकर सभी कलेक्टरों और मैदानी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp