,

इंदौर में चोरों का आतंक: राम मंदिर से आभूषण और दान राशि चोरी, शहर के तीन इलाकों में वारदातें

Author Picture
Published On: 5 February 2026

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहासा गांव स्थित राम मंदिर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुरुवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे और ताले खोलने की कोशिश की, तो देखा कि ताले टूटे हुए हैं। मंदिर में चोरी की आशंका होते ही आसपास के रहवासियों को सूचना दी गई और तत्काल चंदन नगर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

पुजारी नरेंद्र पाठक ने पुलिस को बताया कि चोर मंदिर से भगवान के कीमती आभूषण और दान पेटी में रखी लगभग तीन लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। बताया गया कि चोरों ने दान पेटी को तोड़ने का भी प्रयास किया, जिससे साफ है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे। घटना से श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी देखी गई।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई गतिविधि

पुलिस को मंदिर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में अहम सुराग हाथ लगे हैं। फुटेज में चोर बाइक से आते और वारदात के बाद उसी बाइक से भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए। लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई और पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल उठाए। रहवासियों का कहना है कि रात में गश्त मजबूत होती तो इस तरह की वारदात रोकी जा सकती थी।

तिलक नगर में घर से जेवर और नकदी चोरी

इधर, इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई है। गोयल नगर निवासी कुलभूषण जैन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार चोर घर में घुसकर अलमारी से सोने का गले का सेट, डायमंड सेट, सोने के टॉप्स, चांदी की पायल और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।

इसके अलावा एरोड्रम थाना क्षेत्र की बी पद्मालय कॉलोनी में रहने वाले हर्षवर्धन सिंह राठौर के घर भी चोरी की वारदात हुई है। यहां से चोर एक लैपटॉप, ऊपर की मंजिल से चांदी के नारियल, चांदी के सिक्के, नकद रुपये और महंगे कपड़े लेकर फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं के आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp