इंदौर के लसूडिया इलाके में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिसोर्ट में चल रहे सिंगिंग प्रोग्राम के दौरान गायक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना लसूडिया बायपास स्थित द एस्केप वर्ल्ड रिसोर्ट की है, जहां सिंगर निलेश लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक नशे की हालत में कार्यक्रम के बीच पहुंचे और गाना बंद कराने का दबाव बनाने लगे।
बताया जा रहा है कि सिंगर निलेश ने जब युवकों की बात अनसुनी कर कार्यक्रम जारी रखा, तो उनमें से एक युवक मंच पर चढ़ आया। उसने न सिर्फ माइक छीन लिया, बल्कि निलेश को थप्पड़ भी मार दिया। अचानक हुए इस हमले से कार्यक्रम में मौजूद लोग हैरान रह गए। निलेश ने अपना बचाव करते हुए युवक को धक्का दिया, जिसके बाद उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी विवाद में कूद पड़े।
इंदौर में सिंगर पर हमला
हंगामा बढ़ता देख रिसोर्ट के मैनेजर और स्टाफ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने की कोशिश की। उन्होंने नशे में धुत युवकों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। स्टाफ को गालियां दी गईं और डराने की कोशिश की गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक अपनी कार में बैठकर जाने की तैयारी कर चुके थे। चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी युवक रिसोर्ट स्टाफ और सिंगर को धमकाते रहे। उन्होंने खुद को सत्ताधारी दल से जुड़ा बताते हुए एक मंत्री का नाम लिया और कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
कार पर लिखा था राजनीतिक पदनाम
रिसोर्ट प्रबंधन के अनुसार, सभी युवक जिस कार से आए थे, उसका नंबर MP09AS4537 है। कार पर “बीजेपी सरपंच, ग्राम पंचायत मण्डलावदा” लिखा हुआ था। इसी आधार पर युवकों ने अपना रौब दिखाने की कोशिश की। घटना के बाद यह बात भी चर्चा का विषय बनी रही कि खुलेआम राजनीतिक पहचान दिखाकर कानून का डर खत्म करने की कोशिश की गई।
शिकायत दर्ज
सिंगर निलेश ने पूरे घटनाक्रम को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी भी आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। मामले को लेकर कलाकारों और रिसोर्ट संचालकों में नाराजगी है और वे निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
