जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गौर सालीवाड़ा स्थित रिलायबल पेट्रोल पंप पर शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिगरेट पीने से मना करना कर्मचारियों को भारी पड़ गया। कुछ युवकों ने पंप परिसर में जमकर उत्पात मचाया, तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से पंप पर मौजूद कर्मचारी और ग्राहक दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय 5 से 6 युवक दो मोटरसाइकिल और एक कार से पेट्रोल पंप पहुंचे थे। पहले उन्होंने सामान्य तरीके से पेट्रोल डलवाया, लेकिन इसके बाद पंप परिसर में ही सिगरेट जलाकर धूम्रपान करने लगे। पेट्रोल पंप पर सुरक्षा कारणों से धूम्रपान प्रतिबंधित होने के चलते कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
जबलपुर में टोकने पर भड़के
कर्मचारियों द्वारा सिगरेट पीने से मना करने पर युवक अचानक भड़क गए। पहले उन्होंने गाली-गलौज शुरू की और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोपियों ने पंप परिसर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया और पत्थर फेंककर शीशे तोड़ दिए।
उत्पात के दौरान आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की। अचानक हुए हमले से कर्मचारी घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। पंप परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवक आक्रामक बने रहे।
लूटपाट की कोशिश का भी आरोप
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों का आरोप है कि आरोपी युवक सिर्फ तोड़फोड़ और मारपीट तक ही नहीं रुके, बल्कि उन्होंने पंप के अंदर घुसकर लूटपाट का प्रयास भी किया। कर्मचारियों से पैसे छीनने की कोशिश की गई, हालांकि वे अपने इरादों में सफल नहीं हो सके। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में युवकों की हरकतें और पंप परिसर में मचाया गया उत्पात साफ दिखाई दे रहा है। यही फुटेज अब पुलिस जांच का अहम आधार बने हैं।
तलाश जारी
घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों की शिकायत पर गौर चौकी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
