इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में स्थित रिलायंस फैशन फैक्ट्री में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां डिपार्टमेंट मैनेजर की सतर्कता से दो युवकों को चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपियों को तत्काल द्वारकापुरी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 32 हजार रुपए कीमत के कपड़े बरामद किए हैं।
फैक्ट्री के मैनेजर रविन्द्र मौर्य के अनुसार, रविवार दोपहर दोनों युवक ग्राहक बनकर फैक्ट्री पहुंचे थे। उन्होंने कपड़े पसंद किए और ट्रायल के बहाने चेंजिंग रूम में चले गए। वहां नए कपड़ों के टैग निकालकर उन्होंने जींस और शर्ट पहन ली और ऊपर से अपने पुराने कपड़े पहन लिए, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वे आउटलेट से बाहर निकलने लगे।
इंदौर: रिलायंस फैशन फैक्ट्री में चोरी करते दो युवक गिरफ्तार
जब दोनों युवक बाहर निकले तो सुरक्षा गेट पर लगे सेंसर से बीप की आवाज आई। इससे गार्ड को शक हुआ और दोनों की तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि एक युवक ने पेंट के अंदर तीन जींस छिपा रखी थीं, जबकि दूसरे ने शर्ट के अंदर सात शर्ट पहन रखी थीं। इसके बाद स्टाफ ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामराज पुत्र घनश्याम मीणा निवासी ग्राम पिलोदा, तहसील बजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर (राजस्थान) और राहुल पुत्र धर्मराज मीणा के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों युवक पांच महीने पहले भी इसी फैक्ट्री से चोरी कर चुके थे। उस समय कथित तौर पर इंदौर में पदस्थ उनके गांव के एक आईपीएस अधिकारी के हस्तक्षेप से उन्हें बिना कार्रवाई छोड़ दिया गया था।
मामला दर्ज
इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य चोरी का मामला भी दर्ज किया गया है। सुदामा नगर निवासी सुमन चौहान ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी बेटी के साथ गंगानगर से लौट रही थीं। स्कीम नंबर 71 स्थित दस्तूर गार्डन के पास ऑटो ड्राइवर ने उन्हें यह कहकर उतार दिया कि वह पीछे की गली से बाकी सवारियों को छोड़कर आता है, लेकिन वह वापस नहीं आया। बाद में महिला को पता चला कि गले से सोने की चेन गायब है।
पुलिस ने अज्ञात ऑटो ड्राइवर, ऑटो में बैठी महिला और दो युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
