,

इंदौर: पीटीसी परिसर में पुलिसकर्मी की पत्नी ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Author Picture
Published On: 9 February 2026

इंदौर के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) परिसर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक पुलिसकर्मी की पत्नी ने आत्महत्या कर ली। सुबह पति ने पत्नी को घर के भीतर फंदे पर लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान स्नेहा जादौन (24) के रूप में हुई है। उनके पति शैलेन्द्र जादौन पीटीसी में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं और वहीं सरकारी आवास में रहते हैं। सोमवार सुबह घटना सामने आने के बाद शैलेन्द्र पत्नी के शव को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्नेहा को मृत घोषित कर दिया।

इंदौर वरिष्ठ अधिकारी भी जांच में जुटे

घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस के साथ-साथ पीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

स्नेहा और शैलेन्द्र मूल रूप से मुरैना जिले के रहने वाले थे। दंपती का एक तीन साल का बेटा भी है। शैलेन्द्र पीटीसी में ड्यूटी लगाने और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े हुए हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, स्नेहा कुछ समय से इंदौर में ही रह रही थीं।

पुलिस परिवार से जुड़ा है ससुराल पक्ष

शैलेन्द्र का परिवार भी पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ है। उनका भाई सत्येन्द्र संयोगितागंज थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर पदस्थ है। वहीं स्नेहा के पिता आर्मी से सेवानिवृत्त हैं। स्नेहा के मायके में दो भाई और एक भाभी हैं, जिनमें से एक भाई व्यापारी है और दूसरा प्रॉपर्टी से जुड़ा काम करता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्नेहा के मायके पक्ष को तुरंत सूचना दे दी गई थी। परिजन मुरैना से इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस उनके बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp