भोपाल के ईंटखेड़ी इलाके में समूह लोन से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां रहने वाली 31 महिलाओं से बैंक की किस्त वसूल कर एक बैंककर्मी फरार हो गया। महिलाओं ने समय पर अपनी किस्तें जमा कीं, लेकिन रकम बैंक तक नहीं पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार इस मामले की शिकायत इस्लाम नगर स्थित एक प्राइवेट बैंक शाखा के मैनेजर वसीम कुरैशी ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा समूह लोन की किश्त वसूली के लिए पवन गोस्वामी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पवन का काम था कि वह महिलाओं से किश्त लेकर बैंक में जमा कराए, लेकिन उसने विश्वासघात किया।
भोपाल गांव-गांव जाकर वसूलता था किस्त
आरोपी पवन गोस्वामी गांव-गांव घूमकर समूह लोन लेने वाली महिलाओं के घर जाता था और उनसे मासिक किस्त वसूलता था। महिलाओं को भी यही लगता रहा कि रकम सीधे बैंक में जमा हो रही है। बीते वर्ष पवन ने 31 महिलाओं से करीब 1 लाख 13 हजार रुपये वसूले, लेकिन यह राशि बैंक खाते में जमा नहीं की।
ठगी का खुलासा तब हुआ, जब कुछ समय बाद बैंक की ओर से एक अन्य रिकवरी एजेंट महिलाओं के घर पहुंचा और बकाया किस्त की मांग की। महिलाओं ने जब बताया कि वे पहले ही भुगतान कर चुकी हैं, तब बैंक प्रबंधन को गड़बड़ी का शक हुआ। जांच करने पर सामने आया कि पवन गोस्वामी ने जमा की गई राशि बैंक में नहीं डाली।
मोबाइल भी बंद
मामला उजागर होने के बाद आरोपी पवन गोस्वामी ने बैंक आना बंद कर दिया। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिलने लगा, जिससे उसके फरार होने की पुष्टि हुई। बैंक की आंतरिक जांच में भी यह साफ हो गया कि रकम की हेराफेरी की गई है।
आवेदन और बैंक रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, ठगी की शिकार महिलाओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने मेहनत की कमाई से किस्तें भरी थीं। अब बैंक के रिकॉर्ड में उनका नाम बकायेदारों में आ रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव में हैं। महिलाओं ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है।
