Indore के मल्हारगंज इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में पुलिस के हवाले करा दिया। सोमवार को महिला ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से फोन पर संपर्क कर आरोप लगाया कि उसका पति बुद्ध किरण भिड़े कॉलेज और आसपास के हॉस्टल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को गांजा और स्मैक सप्लाई करता है।
महिला ने सिर्फ शिकायत ही नहीं की, बल्कि मादक पदार्थों से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस कमिश्नर को भेजा। वीडियो देखने के बाद मामले की गंभीरता को समझते हुए कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने देर रात महालक्ष्मी नगर स्थित एक पान दुकान पर दबिश दी।
पान दुकान की आड़ में हो रहा था नशे का कारोबार
पुलिस की कार्रवाई में बुद्ध किरण को पान दुकान से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि वह पान दुकान की आड़ में नशे का कारोबार चला रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उसके घर लेकर गई, जहां से गांजा जब्त किया गया है। आरोपी के पास तौल कांटा और नशीली पुड़ियों से जुड़े अन्य सामान भी मिले।
लसूड़िया पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सनावद के पास रहने वाले धर्मेंद्र नाम के व्यक्ति और छोटी ग्वालटोली इलाके के एक अन्य व्यक्ति से गांजा और स्मैक खरीदता था। पुलिस अब इन दोनों सप्लायरों की तलाश में जुट गई है और नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
बेटियों की पढ़ाई बिगड़ने से टूटा महिला का सब्र
मल्हारगंज निवासी महिला पेशे से अकाउंटेंट है। उसने पुलिस को बताया कि पति लंबे समय से बड़े स्तर पर पान दुकान चला रहा है, लेकिन हाल के महीनों में घर के भीतर तौल कांटा रखकर गांजा और नशीली पुड़ियों की बिक्री करने लगा था। महिला ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं और पति की इस गतिविधि का सीधा असर उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर पड़ रहा था।
इस पूरे मामले ने यह साफ कर दिया है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में अब परिवार के सदस्य भी सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
