,

भोपाल में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव

Author Picture
Published On: 10 February 2026

भोपाल में एमबीबीएस की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गांधी मेडिकल कॉलेज की फर्स्ट ईयर की छात्रा रोशनी का शव उसके हॉस्टल के बाथरूम में पड़ा मिला। घटना के बाद से मेडिकल कॉलेज और छात्र समुदाय में शोक और तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रोशनी डे-स्कॉलर थी, लेकिन कोहेफिजा थाना क्षेत्र में स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में रह रही थी। सोमवार सुबह जब वह कॉलेज जाने के लिए अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो साथ पढ़ने वाली छात्राओं को चिंता हुई। सामान्य तौर पर समय पर निकलने वाली रोशनी का देर तक बाहर न आना उन्हें खटका।

भोपाल में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत

सहपाठियों ने बताया कि उन्होंने रोशनी को कई बार आवाज दी और फोन कॉल भी किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद हॉस्टल के पीजी गार्ड को सूचना दी गई। गार्ड मौके पर पहुंचा और पहले कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, फिर बाथरूम का दरवाजा खोला गया।

दरवाजा खुलते ही रोशनी बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिली। यह दृश्य देखकर छात्राएं घबरा गईं। तुरंत कॉलेज प्रबंधन को सूचना दी गई और आपात स्थिति में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।

पास में मिली संदिग्ध बोतल

छात्राओं के मुताबिक, रोशनी के पास एक खाली एसिड की बोतल भी पड़ी हुई थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बोतल किस उद्देश्य से वहां मौजूद थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

रोशनी को सुबह करीब 8:30 बजे हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग ले जाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

जांच में जुटी पुलिस

कोहेफिजा थाना पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस छात्रा के साथियों, हॉस्टल प्रबंधन और परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp