इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जबकि दूसरा ब्राउन शुगर के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। दोनों से पूछताछ जारी है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम लोखंडे पुल क्षेत्र में पहुंची। वहां एक गार्डन के पास नीले रंग की दोपहिया वाहन पर खड़ा एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कासिम खान निवासी एमआईजी कॉलोनी, इंदौर बताया।
इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
तलाशी लेने पर आरोपी की दोपहिया वाहन की सीट के नीचे से 12.59 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सस्ते दामों में ड्रग्स खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिहाड़ी मजदूरी करता है और आठवीं तक पढ़ा है। उससे यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह ड्रग्स कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
आरोपी भी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने एक अन्य कार्रवाई में ब्राउन शुगर के मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
अधिकारियों ने साफ किया है कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जाएगी। शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
