अगर आपको हॉरर फिल्में देखने का शौक है और रात में लाइट बंद करके डरने का मजा लेते हैं, तो इस हफ्ते आपके लिए बड़ा सरप्राइज है। सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद अब दुनिया की चर्चित हॉरर फ्रेंचाइजी की नई फिल्म The Conjuring: Last Rites ओटीटी पर आ चुकी है। करीब 2 घंटे 15 मिनट लंबी यह फिल्म अब घर बैठे देखने के लिए उपलब्ध है।
The Conjuring पर हुई एंट्री
यह फिल्म अब Disney+ Hotstar पर स्ट्रीम हो रही है। पिछले साल 5 सितंबर 2025 को थिएटर्स में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी। अब जो लोग सिनेमाघरों में इसे मिस कर गए थे, उनके पास इसे देखने का अच्छा मौका है।
एड और लोरेन की आखिरी जांच
फिल्म में एक बार फिर पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर एड और लोरेन वारेन की कहानी दिखाई गई है। इन किरदारों को निभाया है Patrick Wilson और Vera Farmiga ने। इस बार कहानी 1986 के चर्चित ‘Smurl Haunting’ केस से प्रेरित है। कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके घर में एक पुराने आईने के जरिए बुरी शक्तियां प्रवेश करती हैं।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, हालात और डरावने होते जाते हैं। इस बार खतरा सिर्फ उस परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि एड और लोरेन खुद भी इसके निशाने पर आ जाते हैं। फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं जो आपको चौंका देंगे।
डर के साथ इमोशन भी
इस फिल्म को सिर्फ डराने के लिए नहीं बनाया गया है। इसमें एड और लोरेन के रिश्ते की गहराई भी दिखाई गई है। यह उनके सफर का आखिरी अध्याय माना जा रहा है, इसलिए कहानी में इमोशनल टच भी है। डर और भावना का यह मेल फिल्म को खास बनाता है।
माइकल चावेस का निर्देशन
फिल्म का निर्देशन Michael Chaves ने किया है। उन्होंने पहले भी इस यूनिवर्स की फिल्मों पर काम किया है, लेकिन इस बार उन्होंने डर के लेवल को और ऊपर ले जाने की कोशिश की है। कई सीन ऐसे हैं जहां अचानक सन्नाटा और फिर तेज आवाज आपको सीट से उछाल सकती है।
कमाई के मामले में भी रिकॉर्ड
यह फिल्म ‘कंज्यूरिंग’ फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त है और कमाई के मामले में भी सबसे आगे रही। दुनियाभर में इसने हजारों करोड़ का कारोबार किया, जबकि भारत में भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला। यही वजह है कि ओटीटी पर रिलीज होते ही इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
क्या इस वीकेंड देखें?
अगर आप वैलेंटाइन वीक में कुछ अलग देखना चाहते हैं और रोमांस की जगह रोमांच चुनना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए है। लेकिन ध्यान रहे, इसे अकेले और रात में देखना थोड़ा भारी पड़ सकता है।
