एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी कलैश की संदिग्ध मौत के मामले में कार्रवाई की रफ्तार को लेकर परिजन और छात्र आक्रोशित हो उठे। बुधवार को गांधी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने कोहेफिजा थाने का घेराव कर दिया और निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की जांच संतोषजनक गति से आगे नहीं बढ़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान थाना पुलिस ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। कुछ समय के लिए छात्र आश्वासन मिलने पर शांत भी हुए, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि थाना प्रभारी नहीं, बल्कि कोई वरिष्ठ अधिकारी आकर स्पष्ट जवाब दे। स्थिति को देखते हुए एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित मौके पर पहुंचीं और छात्रों से चर्चा की। एसीपी अनिल वाजपेयी भी मौके पर मौजूद रहे और माहौल शांत कराने की कोशिश करते रहे।
रोशनी कलैश मौत मामला
गौरतलब है कि 10 फरवरी को गांधी मेडिकल कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी कलैश का शव कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया था कि छात्रा ने कथित रूप से टॉयलेट क्लीनर पी लिया था। शव के पास एक एसिड की बोतल भी मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच में लापरवाही के आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और परिजनों का आरोप है कि जिस कमरे में शव मिला, उसे तुरंत सील नहीं किया गया। साथ ही हॉस्टल वार्डन और अन्य जिम्मेदार लोगों के बयान भी समय पर दर्ज नहीं किए गए। उनका कहना है कि यदि शुरुआत से ही गंभीरता दिखाई जाती, तो कई अहम सुराग मिल सकते थे। छात्र निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक रोशनी ने पिछले साल अक्टूबर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। वह डे-स्कॉलर थीं, लेकिन कॉलेज के पास स्थित निजी हॉस्टल में रह रही थीं। घटना वाले दिन जब वह सुबह कॉलेज नहीं पहुंचीं और कमरे से बाहर नहीं निकलीं, तो सहपाठी उन्हें बुलाने पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद यह दुखद घटना सामने आई।
निष्पक्ष जांच का भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
