,

केरवा डेम रोड पर दर्दनाक हादसा, स्कार्पियो की टक्कर से युवक की मौत; आरोपी चालक फरार

Author Picture
Published On: 13 February 2026

भोपाल के केरवा डेम रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। बाइक से जा रहे युवक को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने सामने से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान संदीप माहेश्वरी पिता शंकर लाल माहेश्वरी, निवासी बिलकिसगंज, जिला सीहोर के रूप में हुई है। वह भोपाल की एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार संदीप नीलबड़ क्षेत्र में ग्राहकों के दस्तावेज लेने और केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए जा रहा था। केरवा डेम रोड पर गोशाला के पास एक मोड़ पर सामने से आ रही स्कार्पियो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। रातीबड़ थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। कार को जब्त कर लिया गया है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

परिजनों के मुताबिक संदीप की सगाई हो चुकी थी और अप्रैल में उसकी शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपी की तलाश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर उन इलाकों में जहां मोड़ और हाई स्पीड अक्सर दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp