ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। एजी ऑफिस पुल के पास तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत कई फीट तक सड़क पर घसीटता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुल पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
ग्वालियर में लोडिंग वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद लोडिंग वाहन चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने लोडिंग वाहन क्रमांक MP07 GA 9063 को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
ऑफिस के काम से निकला था युवक
मृतक की पहचान कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ा-गुढ़ी का नाका, इंद्रमणि गार्डन के पीछे बालाजी धाम मंदिर के सामने रहने वाले 19 वर्षीय राज कुशवाहा पुत्र लक्ष्मी नारायण कुशवाहा के रूप में हुई है। वह एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में निजी नौकरी करता था। उसका काम बैंक में चेक जमा करना और जरूरी दस्तावेज संबंधित लोगों तक पहुंचाना था। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे वह ऑफिस के काम से बाइक पर निकला था, तभी यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोडिंग वाहन चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। एजी ऑफिस स्कूल के पास पीछे से आई टक्कर के कारण राज संतुलन खो बैठा और वाहन उसे काफी दूर तक घसीटता रहा। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
युवक की असामयिक मौत से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
