इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में एक कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक पालतू डॉग को खिलाने के बहाने घर के बाहर पहुंचा और छात्रा के साथ गलत हरकत की। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय सेकंड ईयर की छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई है। उसके बयान के आधार पर राजू पुत्र हेमराज लुनिया, निवासी श्रद्धासबुरी कॉलोनी, के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इंदौर: डॉग को खिलाने के बहाने पहुंचा युवक
पीड़िता ने बताया कि वह घर पर अकेली थी और उसकी मां नौकरी पर गई हुई थीं। घर के बाहर उनका पालतू डॉग बंधा था। उसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और डॉग को खिलाने की बात कहकर उसके साथ खींचतान करने लगा। डॉग के भौंकने की आवाज सुनकर जब छात्रा बाहर आई और उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
विरोध करने पर दी धमकी
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ अशोभनीय हरकत की। छात्रा के विरोध और चिल्लाने पर वह वहां से जाने लगा, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो अंजाम ठीक नहीं होगा। घटना से घबराई छात्रा ने तुरंत अपनी मां को फोन कर पूरी बात बताई। मां के घर लौटने के बाद दोनों ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
