,

ग्वालियर में बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, नशे में दो महिलाओं से मारपीट

Author Picture
Published On: 22 February 2026

ग्वालियर में शनिवार देर रात अफवाह और नशे की वजह से सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया। मामला झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रवानी इलाके का है, जहां दो महिलाएं कथित रूप से शराब के नशे में सड़क पर बैठकर उपद्रव कर रही थीं। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन पर बच्चा चोरी का आरोप लगा दिया, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिलाओं के व्यवहार को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शंका जताई। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई। आरोप लगते ही कुछ लोगों ने महिलाओं की पिटाई शुरू कर दी। यह घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चलता रहा। मौके पर मौजूद एक युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ग्वालियर में बच्चा चोरी

सूचना मिलने पर झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने ले गई। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में बच्चा चोरी जैसी किसी वारदात की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाएं नशे में थीं और उनका नाम-पता स्पष्ट नहीं हो पाया है। जब उनका नशा कम हुआ तो उनसे पूछताछ शुरू की गई। यह भी जांच की जा रही है कि वे स्थानीय हैं या बाहर से आई थीं। साथ ही भीड़ द्वारा की गई मारपीट के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

सावधान रहने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। बच्चा चोरी जैसी अफवाहें अक्सर तनाव और हिंसा की वजह बनती हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp