,

उज्जैन में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 1.5 लाख प्रतिबंधित प्लास्टिक डिस्पोजल सामग्री जब्त

Author Picture
Published On: 22 February 2026

उज्जैन नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को जोन क्रमांक-1 के बिलोटीपुरा क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान भारी मात्रा में अमानक और प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री जब्त की गई। निगम की यह कार्रवाई शहर में सिंगल-यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।

उपायुक्त संजेश गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में विनायक चौरसिया के निवास पर छापेमारी की गई। यहां से करीब 1.5 लाख प्रतिबंधित प्लास्टिक ग्लास, कटोरी, चम्मच और अन्य डिस्पोजल सामग्री बरामद की गई। निगम अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी और प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में पैक की गई सामग्री भी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।

उज्जैन स्वास्थ्य विभाग

कार्रवाई के समय स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास और स्वच्छता निरीक्षक अजय दावरे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने सामग्री की गिनती और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जब्त कर लिया। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ 5,000 रुपये की चालानी कार्रवाई भी की गई है। निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

एक माह में चौथी बड़ी कार्रवाई

उपायुक्त संजेश गुप्ता ने बताया कि पिछले एक महीने में यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। निगम की टीम विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

निस्तारण की प्रक्रिया शुरू

निगम के अनुसार, जब्त की गई सामग्री को एमआर-5 में सुरक्षित रखा गया है। इसके निस्तारण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि पर्यावरण मानकों के अनुरूप इसे नष्ट किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि प्लास्टिक पर रोक केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि जनजागरूकता से भी संभव है। नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग बंद करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp