, , ,

लो प्रेशर एरिया और ट्रफ लाइन का असर, MP में फरवरी में चौथी बार बारिश के आसार

Author Picture
Published On: 24 February 2026

MP में फरवरी का मौसम लगातार करवट बदल रहा है। अब एक बार फिर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय लो प्रेशर एरिया और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन का असर प्रदेश में दिखाई देगा। इसी सिस्टम के कारण फरवरी महीने में चौथी बार बारिश होने की स्थिति बन रही है।

मौसम केंद्र भोपाल ने सोमवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के आठ जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। इनमें सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं आंधी चलने की भी संभावना है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

MP में नया सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग ने 22 फरवरी के आसपास पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना जताई थी। हालांकि यह सिस्टम तेजी से आगे बढ़ गया, जिससे प्रदेश में व्यापक असर नहीं पड़ा। इसी बीच बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया और ट्रफ लाइन की सक्रियता बढ़ गई। अब यही सिस्टम प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश की वजह बनेगा।

चौथी बार बदला मौसम

इस महीने की शुरुआत से ही प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। पहले दो दौर में कई जिलों में ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी थी। फसलों को नुकसान होने के बाद प्रशासन ने सर्वे भी कराया। 18 फरवरी से तीसरी बार बारिश का दौर शुरू हुआ, जिसका असर 19, 20 और 21 फरवरी को भी देखा गया। अब चौथी बार बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि 23 फरवरी को भी मौसम बदले रहने के संकेत हैं।

बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं रात में सर्द हवाओं से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन तापमान अभी भी नीचे बना हुआ है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजगढ़ में 11 डिग्री, कल्याणपुर में 11.2 डिग्री, करौंदी में 11.4 डिग्री और मंदसौर में 11.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिन तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp