,

इंदौर के चंदन नगर में देर रात उपद्रव, एक दर्जन वाहनों के कांच फोड़े

Author Picture
Published On: 24 February 2026

इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। अलग-अलग कॉलोनियों में खड़े वाहनों के कांच फोड़ दिए गए। मंगलवार सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले तो क्षतिग्रस्त कारें और बिखरा कांच देखकर हैरान रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर, रामानंद नगर, नंदन नगर, दामोदर नगर और पंचमूर्ति नगर में यह घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक करीब एक दर्जन वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया है। बदमाशों ने ज्यादातर कारों के शीशे तोड़े। एक वाहन के अंदर ईंट भी पाई गई, जिससे अंदेशा है कि पत्थरबाजी कर कांच तोड़े गए। प्रभावित वाहनों में पूर्व पार्षद राजेश चौहान की कार भी शामिल है।

इंदौर के चंदन नगर

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और बीट स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आसपास का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह शरारती तत्वों की हरकत लग रही है, हालांकि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

इलाके के रहवासियों का कहना है कि रात आठ बजे के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ जाती है। कई बार नशे की हालत में युवकों के घूमने की शिकायत भी की गई है। लोगों का आरोप है कि पूर्व में भी पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसे तत्वों के हौसले बढ़े हैं। घटना के बाद कॉलोनियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस बोली- जल्द होगी पहचान

चंदन नगर थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और रहवासियों से भी सतर्क रहने की अपील की है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp