भोपाल में दो बहनों के कथित रैकेट का खुलासा होने से हड़कंप मच गया है। मामला तब सामने आया जब भोपाल और छत्तीसगढ़ की रहने वाली दो युवतियां रविवार रात राजधानी के बाग सेवनिया थाने पहुंचीं। दोनों ने अलग-अलग शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए। 21 और 32 वर्षीय युवतियों की पहचान इंस्टाग्राम चैट के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान उन्हें मदद और बेहतर जिंदगी का लालच दिया गया, जिसके बाद वे संपर्क में आईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि अमरीन और आफरीन नाम की दोनों बहनें पहले अब्बास नगर की झुग्गी में रहती थीं। आरोप है कि अवैध गतिविधियों से कमाई कर उन्होंने आशिमा मॉल के पास स्थित सागर रॉयल विला में आलीशान मकान ले लिया। आसपास के लोगों के मुताबिक, दोनों बहनें लग्जरी लाइफस्टाइल जीती थीं और अक्सर हाई-प्रोफाइल लोगों के साथ नजर आती थीं।
भोपाल में दो बहनों का हाई-प्रोफाइल रैकेट बेनकाब
शिकायत के अनुसार, दोनों बहनें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की लड़कियों को टारगेट करती थीं। पहले उन्हें घरेलू काम या अन्य मदद का भरोसा देकर अपने संपर्क में लाती थीं। इसके बाद उन्हें बड़ी पार्टियों और आयोजनों में ले जाया जाता था, जहां कथित तौर पर अमीर युवकों से मिलवाया जाता था। पीड़िताओं का आरोप है कि उन्हें शराब और ड्रग्स लेने के लिए भी दबाव बनाया गया।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि चंदन यादव नामक युवक सागर रॉयल विला में अमरीन और आफरीन के साथ रहता था और वह उनके संपर्क में आने के बाद इस्लाम धर्म अपना चुका है। पीड़िताओं का कहना है कि उन्हें गुजरात और मुंबई ले जाया गया, जहां अनजान लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।
तीन गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को अमरीन, आफरीन और चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बिलाल, चानू और यासिर नामक तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य पीड़िताओं की भी पहचान की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों और बैंक लेन-देन की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
