ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक (यूजी) द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से सभी संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर परीक्षा संबंधी तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार करीब 50 हजार से अधिक विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे।
जारी शेड्यूल के अनुसार यूजी द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 26 मार्च से प्रारंभ होंगी। वहीं बीए, बीकॉम और बीएससी तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षाएं 1 अप्रैल से आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने द्वितीय और तृतीय वर्ष का विस्तृत टाइम टेबल अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इसमें प्रत्येक विषय की परीक्षा तिथि, समय और पेपर कोड की स्पष्ट जानकारी दी गई है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
जीवाजी विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे समय रहते टाइम टेबल डाउनलोड कर लें और अपनी परीक्षा तैयारी को अंतिम रूप दें। एडमिट कार्ड भी समय पर प्राप्त करने और परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन का मानना है कि समयबद्ध तैयारी से परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न होगी।
सूची जल्द जारी होगी
परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द जारी की जाएगी। ग्वालियर सहित संबंधित जिलों के संबद्ध कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। केंद्र निर्धारण को लेकर प्राचार्यों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय ने कहा है कि केंद्रों पर विद्यार्थियों के बैठने, पेयजल और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
सीसीटीवी निगरानी
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय ने नकल के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही साफ-सफाई और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। कॉलेजों और प्रशासन के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी हो।
