सुगम ट्रैफिक और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बुधवार को इंदौर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंघल शहर की सड़कों पर नजर आए। उन्होंने शहर के व्यस्ततम चौराहों का दौरा कर मौजूदा व्यवस्थाओं की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नौलखा चौराहा, वर्ल्ड कप चौराहा, बिचौली मर्दाना चौराहा, निरंजनपुर चौराहा, बापट चौराहा, विजय नगर चौराहा, न्याय नगर चौराहा, लोखंडे ब्रिज और सी-21 मॉल के पास स्थित लेफ्ट टर्न की स्थिति देखी।
चौराहों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लेफ्ट टर्न के चौड़ीकरण में बाधा बनने वाले अस्थायी और स्थायी निर्माणों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाया जाए। उनका कहना था कि पीक आवर्स में जाम की समस्या कम करने के लिए लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित और पर्याप्त चौड़ा करना जरूरी है। जहां आवश्यकता हो, वहां रोड मार्किंग को स्पष्ट किया जाए और दिशा-सूचक संकेतक लगाए जाएं।
इंदौर में ट्रैफिक सुधार
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाकर एक ठोस एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था केवल सड़क चौड़ी करने से नहीं सुधरेगी, बल्कि विभागों के बीच तालमेल और नियमित निगरानी भी जरूरी है। अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से करने को कहा गया।
सार्वजनिक शौचालय में मिली खामियां
निरीक्षण के दौरान निरंजनपुर चौराहे के पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय की स्थिति पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। मौके पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने फीडबैक रजिस्टर का अवलोकन किया, जहां कई कमियां सामने आईं। इस पर संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुविधाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना सफाई, रजिस्टर के रखरखाव और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
