इंदौर क्राइम ब्रांच ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई की एक महिला को प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। महिला के पास से 34.6 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है। गिरफ्तारी रीजनल पार्क के पास सांवरिया ग्रीन्स मैरिज गार्डन के सामने से हुई।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक क्राइम ब्रांच टीम शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रखे हुए थी। सूचना के आधार पर टीम अलग-अलग इलाकों में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक महिला संदिग्ध हालत में घूमती नजर आई। पुलिस टीम को देखते ही वह घबरा गई, जिससे शक गहरा गया। घेराबंदी कर उसे रोका गया और पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
इंदौर में गिरफ्तार
सख्ती से पूछताछ के बाद महिला ने अपना नाम फातिमा मंसूरी निवासी मुंबई, महाराष्ट्र बताया। महिला आरक्षक द्वारा तलाशी लेने पर उसके हैंड बैग से 34.6 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। बरामद पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.40 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके बाद महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
ज्यादा कमाई के लिए कर रही थी सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि महिला ज्यादा पैसा कमाने के उद्देश्य से सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर इंदौर में ऊंचे दामों पर बेचती थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह मुंबई से इंदौर कब और कैसे पहुंची और यहां किन-किन लोगों को सप्लाई कर रही थी। संभावित नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार महिला 12वीं तक पढ़ी हुई है और घर-घर जाकर खाना बनाने का काम करती है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जाएगी।
