,

इंदौर में 2 मार्च को रोजगार मेला, 250 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती; 18 से 40 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे आवेदन

Author Picture
Published On: 25 February 2026

इंदौर में युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 2 मार्च को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला “युवा संगम” कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जाएगा, जिसकी पहल मोहन यादव द्वारा की गई है। जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय की ओर से यह आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पोलोग्राउंड स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर (जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के पास) में होगा।

उप संचालक रोजगार पी.एस. मंडलोई के अनुसार मेले में 250 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें Inoflex, Torus BPO, Teeswa Technologies Services, Just Dial, Shefali Business Solution और Mosaic Workskill Private Limited जैसी कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही इंटरव्यू लेकर प्रारंभिक चयन करेंगे।

इंदौर में 2 मार्च को रोजगार मेला

रोजगार मेले में एचआर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेली-कॉलर, ऑपरेटर, टीम लीडर, बैक ऑफिस, हेल्पर सहित कई अन्य पदों के लिए भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन पैकेज की पेशकश की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यह मेला उन युवाओं के लिए भी उपयोगी होगा जो अपना खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लोन प्रक्रिया और मार्गदर्शन की जानकारी दी जाएगी।

18 से 40 वर्ष तक के युवा पात्र

मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे आवेदक भाग ले सकते हैं जिन्होंने हाईस्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की हो। आईटीआई, डिप्लोमा या अन्य तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की प्रतियां, बायोडाटा, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

मौके का लाभ उठाएं

जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। लगातार आयोजित हो रहे रोजगार मेलों से जिले में युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp