,

भोपाल के ईंटखेड़ी में किसान ने सल्फास खाकर दी जान, पारिवारिक विवाद की आशंका

Author Picture
Published On: 25 February 2026

राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। रायपुर गांव निवासी 28 वर्षीय किसान ने मंगलवार रात घर में सल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गोलू साहू के रूप में हुई है, जो हुकुचंद साहू के पुत्र थे। वह गांव में खेती का काम करते थे और अतिरिक्त आमदनी के लिए मारवाड़ी रोड स्थित एक कॉस्मेटिक्स दुकान पर भी काम करते थे। परिवार के मुताबिक वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। उनकी शादी को कुछ साल हो चुके थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं।

भोपाल: सल्फास खाकर दी जान

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। बीते लगभग एक साल से पत्नी मायके में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि फोन पर अक्सर दूसरे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। साथ ही मृतक को बच्चों से मिलने नहीं दिया जाता था, जिससे वह काफी परेशान रहते थे। हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के पिता का कहना है कि बहू की लगातार धमकियों और पारिवारिक विवाद से तंग आकर बेटे ने यह कदम उठाया। मंगलवार रात उन्होंने सल्फास का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार को जानकारी मिली और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं से जांच

ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। यदि किसी तरह की प्रताड़ना या उकसावे के प्रमाण मिलते हैं तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस बयान दर्ज कर रही है और कॉल डिटेल्स सहित अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp