ग्वालियर में झपटमारी की एक और घटना सामने आई है। 20 फरवरी की शाम करीब 7 बजे तानसेन नगर स्थित स्टेट बैंक चौराहा के पास एक बाइक सवार बदमाश ने पैदल जा रही महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गया। घटना उस समय हुई जब महिला ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं।
हजीरा न्यू रेशम मिल, बिरला नगर निवासी 44 वर्षीय सीमा कनौरिया पड़ाव स्थित होंडा कंपनी के सर्विस सेंटर में कार्यरत हैं। वह रोज की तरह 20 फरवरी की शाम काम खत्म कर पैदल हजीरा की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह तानसेन रोड पर स्टेट बैंक चौकी के पास पहुंचीं, सामने से आए बाइक सवार ने अचानक झपट्टा मारा और गले से मंगलसूत्र खींचकर भाग निकला। वारदात इतनी तेजी से हुई कि कुछ पल तक उन्हें समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या है।
ग्वालियर में बाइक सवार
घटना के बाद महिला ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास काफी तलाश की, लेकिन बदमाश का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की, लेकिन अब तक कोई ठोस क्लू हाथ नहीं लगा है।
जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां कैमरे काफी दूरी पर लगे बताए जा रहे हैं। इसके अलावा इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव भी अधिक रहता है, जिससे संदिग्ध बाइक की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पीड़िता आरोपी के हुलिए और सटीक समय के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रही हैं, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
लूट का मामला दर्ज
पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार रात लूट का मामला दर्ज कर लिया है। मध्य प्रदेश पुलिस के हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। संबंधित मार्गों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध वाहनों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
