,

जबलपुर के अमखेरा स्थित कैफे में युवती से दुष्कर्म का आरोप, संचालक समेत दो गिरफ्तार

Author Picture
Published On: 25 February 2026

जबलपुर शहर में संचालित कुछ कैफे को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आधारताल थाना क्षेत्र के अमखेरा इलाके में स्थित एक कैफे में युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैफे पर छापा मारा और संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।

आधारताल निवासी एक युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका परिचित जुनैद खान उसे चाय पिलाने के बहाने अमखेरा स्थित ‘नाइस कैफे’ ले गया। युवती के अनुसार, कैफे में पर्दों से ढंके अलग-अलग केबिन बने हुए थे। इन्हीं केबिन का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जबलपुर: दुष्कर्म का आरोप

शिकायत मिलते ही आधारताल थाना पुलिस ने देर रात कैफे पर दबिश दी। जांच के दौरान वहां से कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने कैफे संचालक दीपक चौधरी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि कैफे में बनाई गई केबिन व्यवस्था नियमों के खिलाफ थी और इसी का दुरुपयोग कर घटना को अंजाम दिया गया।

पर्दादार केबिन पर पहले भी चेतावनी

थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि कैफे में पर्दों से ढंके ऐसे केबिन बनाए गए थे, जो बाहर से पूरी तरह बंद कमरे जैसे दिखाई देते थे। इससे पहले भी शहर के कैफे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बंद या पर्दादार केबिन न बनाए जाएं और व्यवस्था खुली रखी जाए। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके चलते संचालक की भूमिका को भी गंभीरता से लिया गया है।

मुख्य आरोपी जुनैद खान घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही शहर के अन्य कैफे में भी सघन जांच अभियान शुरू किया गया है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

सुरक्षा और निगरानी पर जोर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर पारदर्शी व्यवस्था अनिवार्य है। युवाओं और अभिभावकों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन का दावा है कि आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp