,

बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना को बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स 2026 में ‘सोशल इंपैक्ट एक्सीलेंस’ सम्मान

Author Picture
Published On: 25 February 2026

मध्यप्रदेश के नगरीय विकास और सुशासन के प्रयासों को नई पहचान मिली है। नई दिल्ली में आयोजित ‘बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स 2026’ में मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना को ‘सोशल इंपैक्ट एक्सीलेंस ऑफ द ईयर’ की श्रेणी में सम्मानित किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने यह पुरस्कार प्रदान किया।

बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना में 50 एमएलडी क्षमता का अत्याधुनिक जलशोधन संयंत्र स्थापित किया गया है। इसमें जल फिल्ट्रेशन, क्लोरीनेशन और परिष्कृत वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से स्वास्थ्यवर्धक बनाया जाता है। परियोजना में स्काडा प्रणाली के माध्यम से 24 घंटे जल की गुणवत्ता की निगरानी की जाती है। इसके अलावा, शहर में 8 नए ओवरहेड टैंक और मजबूत पाइप नेटवर्क स्थापित किया गया, जिससे पुराने जर्जर वितरण तंत्र से होने वाले जल अपव्यय पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा रहा है।

बुरहानपुर सामाजिक लाभ

इस योजना के अंतर्गत लगभग 41 हजार परिवारों को मीटरयुक्त नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। वर्तमान में बुरहानपुर के हर नागरिक को प्रतिदिन औसतन 135 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे और अतिरिक्त प्रबंध संचालक दिव्यांक सिंह ने इस उपलब्धि को टीम की कर्तव्यनिष्ठा और नवाचार के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।

पुरस्कार का महत्व

मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने कहा कि यह पुरस्कार न केवल परियोजना के प्रभावी प्रबंधन की स्वीकारोक्ति है, बल्कि मध्यप्रदेश में शहरी अधोसंरचना और सतत विकास के क्षेत्र में अपनाए जा रहे आधुनिक प्रतिमानों की विजय भी है। यह परियोजना प्रदेश की जल प्रबंधन नीतियों को राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श उदाहरण के रूप में स्थापित करती है।

समारोह में शामिल व्यक्ति

इस अवसर पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाईक, भारत सरकार के पूर्व सचिव डी.एस. मिश्रा और सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस राघव चंद्रा उपस्थित थे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp