,

इंदौर के बाणगंगा में महिला पर जानलेवा हमला, पार्किंग में छिपे बदमाश ने चाकू से किया वार

Author Picture
Published On: 26 February 2026

इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में बुधवार देर रात एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना भागीरथपुरा स्थित साईं मंदिर के सामने की बताई जा रही है। आरोप है कि एक नकाबपोश बदमाश घर की पार्किंग में पहले से छिपकर बैठा था और मौका मिलते ही महिला पर चाकू से हमला कर फरार हो गया। घायल महिला को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता सारिका कश्यप ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे वे घर का मुख्य गेट बंद कर ताला लगाने जा रही थीं। इसी दौरान पार्किंग (पोर्च) में छिपे एक व्यक्ति ने पीछे से आकर उनके गले पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से वे संभल नहीं पाईं और बचाव की कोशिश करने लगीं।

इंदौर: जानलेवा हमला

हमलावर ने उनके दोनों हाथों पर भी चाकू से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। खून बहने लगा और कुछ ही पलों में वे अचेत हो गईं। हमले के दौरान उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में रखा ताला हमलावर की ओर फेंका, जिससे वह घबरा गया। इसके बाद आरोपी लोहे का गेट कूदकर मौके से फरार हो गया।

बेटे ने देखा तो परिवार को लगी खबर

कुछ देर बाद उनका बेटा नीचे आया तो मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उसने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। परिवार के मुताबिक हमले में गले और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। उनके देवर विश्वनाथ कश्यप ने बताया कि फिलहाल सारिका बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हमले के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp